मनाली: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मनाली सड़क हादसे में चार सैलानी घायल हुए हैं और एक लापता है। घायलों को मनाली में अस्पताल में भर्ती किया गया है। कार हादसा गुरुवार रात को हुआ है। अंधेरा अधिक होने के चलते लापता युवक की तलाश नहीं हो पाई और शुक्रवार को युवक की तलाश की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को सोलंग वेली मार्ग पर मनाली से 5 किमी दूर नेहरुकुंड के पास एक पर्यटक वाहन ब्यास नदी में गिर गया हादसे में 5 पर्यटक घायल हो गए हैं। सभी घायलों को मिशन अस्पताल लाया गया है, जहाँ इनका उपकार चल रहा है।
पुलिस लापता युवक तरजिन्दर सिंह की तलाश कर रही है। तरजिंदर सिंह के अलावा अन्य चार घायल सैलानी मंनदीप सिंह, अंकुश, सुखमीत और मनजीत भी लुधियाना के ही रहने वाले है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब के ये सैलानी बर्फ़ का आनंद लेने के बाद सोलंगनाला से मनाली लौट रहे थे। रास्ते मे नेहरुकुंड के समीप मोड़ पर गाड़ी स्किड हो गई और नीचे जा गिरी। पता चलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर जा पहुंची।पुलिस ने लोगों की मदद से घायल पर्यटको को रेस्क्यू किया और मिशन अस्पताल पहुंचाया।
डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए मिशन अस्पताल लाया गया है। 4 पर्यटकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पांचवें की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।