
जालंधर में मॉडल टाउन की मेन मार्केट की सड़क पर शनिवार देर रात चीखने की आवाजें आने लगीं। लोगों ने देखा कि कुछ लड़के, लड़कियों को पीट रहे हैं। लोगों ने लड़कियों को बचाने की कोशिश तो की लेकिन लड़के रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। इस दौरान लड़कियों की हिमायत में आया एक लड़का लड़कियों को पीट रहे लड़कों से भिड़ गया। जिस स्थान पर लड़कियों को पीटा जा रहा था, वहां से कुछ ही दूरी पर पीसीआर मौजूद थी। उन लड़कों को रोकने या उन पर कोई कार्रवाई करने की बजाय पीसीआर कर्मी मौके से चले गए। कुछ मीडिया कर्मियों ने वीडियो बनाया तो युवकों ने उनके मोबाइल छीन लिए। लड़कियों ने भी पुलिस से बचाव की अपील की लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
अंत में कुछ लोगों ने बीच बचाव करते हुए लड़कियों को उनकी स्कूटी पर बैठाकर घर भेज दिया। एसीपी हेडक्वार्टर विमल कांत का कहना है कि देर रात एक लड़का-लड़की क्लब से निकले थे। उनके बाहर निकलते ही कुछ लड़के उनसे झगड़ा करने लगे। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद लड़कों ने लड़कियों को पीट दिया।
लड़कियों को पीटने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही इन लड़कों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसके अलावा रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई होगी जो देर रात तक खुले रहते हैं। इस बात की भी जानकारी ली जाएगी कि यह लड़के-लड़कियां किस पब या रेस्टोरेंट से आए थे। उन्हें यह जानकारी मिली थी कि लड़कों ने शराब पी रखी थी।