मुरथल थाना क्षेत्र के गांव से एक हेड कांस्टेबल आधी रात एक नाबालिग लड़की को जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गया। जब वह तीन घंटे बाद वापस आया तो उसे लड़की के परिजनों ने घेर लिया। हेड कांस्टेबल ने भागने का प्रयास किया तो लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी और उसे बंधक बना लिया। करीब तीन घंटे बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस उसे लेकर चली गई। पुलिस ने लड़की के भाई के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही हेड कांस्टेबल को राउंड अप कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मुरथल थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने बताया कि रविवार रात सवा 12 बजे एक कार सवार युवक उनके घर के बाहर आया। उसकी 16 वर्षीय बहन ने दरवाजा खोला। दरवाजा खोलते ही युवक उसकी बहन को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। जब परिजनों को पता लगा तो उन्होंने तलाश शुरू कर दी। जिस पर तड़के 3 बजकर 6 मिनट पर कार सवार वापस आया तो उन्होंने उसे घेर लिया। कार में उसकी बहन भी सवार थी और रो रही थी।कार सवार वापस भागने लगा तो उन्होंने शीशे पर हाथ मारा। जिस पर शीशा टूट गया। उन्होंने कार सवार को उतार लिया। कार सवार की पहचान हेड कांस्टेबल अनिल के रूप में हुई। उन्होंने उसे उतार लिया। उसकी बहन ने कुछ भी कहने से मना कर दिया। जिस पर लोगों ने हेड कांस्टेबल अनिल को तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा।
बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर मुरथल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व हेड कांस्टेबल को साथ ले गई। पुलिस ने लड़की के भाई के बयान पर हेड कांस्टेबल के खिलाफ धारा 363 व 366ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने सोमवार को लड़की की अधिवक्ता से काउंसिलिंग कराई। जिसके बाद उसके कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसके मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए बयान की सत्यापित प्रति नहीं मिली है। जिसके मिलने के बाद पता लग सकेगा कि उसने क्या बयान दर्ज कराए हैं।