मारपीट के मामले में तारीख पर आए मुरादगढ़ निवासी शुभम की इंद्री कोर्ट परिसर के मेन गेट पर शिकायतकर्ता ने ही अपने साथियों के साथ चाकू घोंपकर हत्या कर दी। उसने शुभम को समझौते के लिए कोर्ट परिसर से बाहर बुलाया था। शुभम के साथ उसके दो दोस्त भी थे। आरोपी शुभम की हत्या करने के बाद धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर कुंजपुरा थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। शुभम का शव पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज भेजा गया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के चाचा संतोष ने बताया कि शुभम उसका भतीजा है। दो साल पहले आरोपी संदीप ने शुभम पर मारपीट के आरोप लगाए थे। यह मामला कोर्ट में चल रहा था। इसी मामले में सुबह 11 बजे उसका भतीजा शुभम अपने दोस्तों अश्विनी और विक्रांत के साथ तारीख पर कोर्ट गया था। गढ़ी गुजरान निवासी शिकायतकर्ता संदीप ने उसके भतीजे शुभम, अश्विनी और विक्रांत को समझौते के लिए कोर्ट परिसर के बाहर मेन गेट पर बुलवाया। संदीप, उसका साथी मित्ता और सुमित सहित करीब सात आरोपियों ने चाकू से शुभम पर हमला कर दिया। उसके पेट, सिर और छाती पर कई वार किए। अश्विनी, विक्रांत और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शुभम को मुश्किल से छुड़वाया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी इंद्री में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया।
दो साल पहले शुरू हुई थी रंजिश
शुभम और संदीप के बीच दो साल पहले रंजिश शुरू हुई थी। महीना भी सितंबर का ही था। 18 सितंबर 2017 को पुलिस में दी शिकायत में संदीप ने आरोप लगाया था कि 11 सितंबर को वह मटक माजरी से इंद्री की तरफ जा रहा था तो करीब 12 युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया। शुभम और उसके साथियों ने उससे मारपीट की। सात दिन बाद 18 सितंबर को पुलिस ने शुभम, विक्रांत, अश्विनी व युगल के खिलाफ केस दर्ज किया था। यह केस फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। यही पुरानी रंजिश बढ़ते-बढ़ते मर्डर तक पहुंच गई।
मृतक के चाचा संतोष की शिकायत पर तीन नामजद सहित सात पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।